Youth Congress: युवा कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, 60 से ज्यादा पदाधिकारियों की होगी छुट्टी

0
10
raipur

Youth Congress: विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनाव में मिली हार के बाद अब प्रदेश कांग्रेस के साथ-साथ युवा कांग्रेस ने भी अपने संगठन में बदलाव की रणनीति तैयार कर ली है। युवा कांग्रेस प्रदेशभर में अपने 60 से अधिक पदाधिकारियों को बदलने की तैयारी में है। इन्हें हटाने से पहले सभी को नोटिस भी जारी कर दिया गया है। अब जवाब के आधार पर कार्रवाई होगी।

Youth Congress: संगठन में किया जाएगा बदलाव

हालांकि जिन पदाधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है, उन्हें एक और मौका दिया जाएगा। आगामी एक-दो महीने में संगठन स्तर पर होने वाले कार्यक्रम में उनकी भूमिकाओं पर नजर रहेगी। यदि इनके कामकाज में सुधार नहीं हुआ तो उनका हटना तय है। युवा कांग्रेस प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय सचिव अमित पठानिया ने गुरुवार को कांग्रेस मुयालय राजीव भवन में पत्रकारवार्ता ली। उन्होंने युवा कांग्रेस का चुनाव कराने से इनकार करते हुए कहा कि फिलहाल संगठन में बदलाव किया जाएगा।

सक्रिय नहीं रहने वाले पदाधिकारियों को पदमुक्त किया जाएगा। वहीं, नए साथियों को शामिल किया जाएगा। एससी, एससी और ओबीसी वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। इसके साथ ही निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा जनता को ठगने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रही है।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष पर बोला हमला

पत्रकारवार्ता में पठानिया ने भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष का नाम लिए बिना तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ उनके रिश्तेदारों ने ही आरोप लगाए हैं। इसके बाद भी सरकार उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है,जबकि युवा कांग्रेस के नेताओं पर भ्रष्टाचार उजागर करने पर एफआईआर दर्ज की गई।

बिजली बिल के लिए चरणबद्ध आंदोलन

Youth Congress: युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि बढ़ती बिजली बिल को लेकर युवा कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी। आने वाले समय में राजधानी रायपुर से एक बड़ा आंदोलन शुरू होगा, जिसमें आम जनता को शामिल किया जाएगा और इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।