लोगों में आक्रोश, निगम प्रशासन हांफ रहा
ऐसा ही जलसंकट डब्ल्यूआरएस क्षेत्र में गहराया है। कई दिनों से बोरवेल खराब होने से लोगों में आक्रोश था। निगम प्रशासन गर्मी शुरू होने के साथ ही पेयजल आपूर्ति में हांफ रहा है। दावा था कि शहर के लोगों को पेयजल के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अब विकट स्थिति बन रही है। आश्चर्य है कि स्मार्ट सिटी कंपनी और निगम प्रशासन ने अमृत मिशन योजना में टंकी बनाने, पाइप बिछाने में करीब 500 करोड़ रुपए खर्च किया है।
16 वार्ड में 24 घंटे पानी देने की बात
16 वार्ड में 24 घंटे पानी देने की बात कही जाती। फिल्टर प्लांट की क्षमता बढ़ाई गई। 46 बड़ी पानी टंकियां हैं। 2200 बोरवेल से आपूर्ति का दावा किया जाता है, परंतु जमीनी स्तर पर शहर की जनता पानी के लिए परेशान है। आमानका क्षेत्र का डुमरतालाब वार्ड 22 में आता है। यहां के लोग और महिलाएं सुबह सडक़ पर उतर आए। सडक़ पर बांस अड़ाकर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग प्रदर्शन को करने मजबूर हुए। लोगों को कहना था कि न तो वार्ड पार्षद का कोई ध्यान है न ही जोन के अधिकारी सुनवाई करते हैं। कई बार शिकायत के बाद नलों में पानी नहीं आ रहा। हंगामा और चक्काजाम लगभग 3 घंटे तक चला। तब वार्ड पार्षद की नींद टूटी और निगम अफसरों में हलचल हुई। फिर प्रदर्शन समाप्त हुआ। दिनेश तिवारी, विजय तिवारी, संतोष साहू, बल्लू साहू, दाऊलाल यादव सहित मोहल्ले के लोग प्रदर्शन में शामिल थे। डूमरतालाब के रहवासियों की मांग है कि मोहल्ले के नल कनेक्शन को भागीरथी योजना से जोड़ा जाए। पंप खराब होने की समस्या बार-बार आती रहती है। इससे भारी दिक्कत है। महापौर को सूचना मिलते ही जोन-7 के अमले को मौके पर भेजा गया। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि मोटर जल गया था, जिसे सुधरवा दिया है। वहीं लोगों ने बताया कि तीन घंटे बाद फिर खराब हो गया।
ब्राम्हणपारा वार्ड में जलसमस्या के समाधान का आश्वासन
दक्षिण विधायक सुनील सोनी, सभापति सूर्यकांत राठौ?, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, पार्षदों के साथ वार्ड 43, 58, 63 के शिविरों में लोगों की समस्याएं जानने पहुंचे। ब्राह्मणपारा के सोहागा मंदिर के पास लोधीपारा में महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर उन्हें घेर लिया। लोगों का कहना था कि ढलान होने की वजह से नलों में पानी नहीं आता है। इस मोहल्ले में नया पाइप डाला है, तब ऐसा हाल है। विधायक सोनी के सामने लोगों ने समस्याओं, शिकायतों, मांगों को सामने रखा। विधायक सोनी ने लोगों को भरोसा दिलाया और अधिकारियों को निर्देश दिया।
डब्ल्यूआरएस क्षेत्र में भी लोग परेशान
निगम के वीरांगना अवंतिबाई वार्ड 6 के डब्ल्यूआरएस क्षेत्र में लोग पानी की समस्या से परेशान हैं। पूर्व पार्षद राधेश्याम विभार ने वर्तमान पार्षद को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि सुशासन तिहार के दौरान वार्ड पार्षद खगपति सोनी ओडिशा में घूम रहे हैं। लोगों के नलों में पानी नहीं आता है। टैंकर से एक या दो बार सप्लाई कराई जाती है। इससे मोहल्ले के लोगों में आक्रोश है।
हर वार्ड में डेस्क बूथ खुलवाकर अमले को तैनात करेंगे
शहर में जल संकट गहराने के सवाल पर महापौर मीनल चौबे का कहना है कि पिछली महापौर परिषद में करीब 500 करोड़ अमृत मिशन कार्य कैसा कराया गया, समझ से परे हैं। पिछले साल नेताप्रतिपक्ष के रूप में उन्हें आंदोलन करना पड़ा था। जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने में एक साल लगेगा। परंतु लोगों को पेयजल के लिए परेशान नहीं होने देंगे। जल्द ही हर वार्ड में एक-एक डेस्क खुलवा कर अमले को तैनात करेंगे और टैंकरों से सप्लाई कराएंगे।