रायपुर में साहित्य का संगम: विनोद कुमार शुक्ल और देशभर के 100 लेखक होंगे एक मंच पर… हिंद युग्म उत्सव 2025 का आयोजन

0
1
raipur

Hind Yugam Mahotsav 2025: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साहित्य और कला प्रेमियों के लिए एक अनोखा अनुभव सामने आने वाला है। 20 और 21 सितम्बर को पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में दो दिवसीय ‘हिंद युग्म उत्सव 2025’ आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ पहली बार इस बहुप्रतीक्षित साहित्यिक महोत्सव का साक्षी बनेगा।

यह उत्सव केवल साहित्य तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कहानियाँ, कविताएँ, संगीत और कला का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा। इस आयोजन में देशभर के अनेक प्रमुख साहित्यकार हिस्सा लेंगे और लोगों को उनके करीब से जानने और सुनने का मौका मिलेगा। इसमें शामिल प्रमुख लेखक और साहित्यकारों में मानव कौल, राहगीर, फैजल मलिक (पंचायत फेम), परितोष त्रिपाठी, नीलोत्पल मृणाल सहित अन्य नामचीन हस्तियां शामिल हैं।

Hind Yugam Mahotsav 2025: विनोद कुमार शुक्ल होंगे केंद्र बिंदु

इस साल के आयोजन का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल हैं। उनके जीवन और रचनाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन, कविताओं की नाट्य प्रस्तुतियां और विभिन्न साहित्यिक सत्रों के माध्यम से उनकी साहित्यिक दुनिया का अनुभव किया जा सकेगा। इसके अलावा, साहित्य और कला प्रेमियों के लिए कार्यक्रम के कई आकर्षक सत्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें शामिल हैं-

  • किताबों और साहित्य पर परिचर्चाएँ
  • लेखक-वार्ता और पुस्तकों की दुनिया के नए ट्रेंड पर चर्चा
  • सिने-अभिनेताओं और सिनेमा-विशेषज्ञों के साथ बातचीत
  • हिन्दवी का ‘कैंपस-कविता’ कार्यक्रम**
  • ओपन माइक ‘छत्तीसगढ़: मंच खुला है’ जिसमें 200 से अधिक नई प्रतिभाओं की प्रस्तुति
  • संगीतमय शाम और स्टैंड-अप कॉमेडी
  • बच्चों और बड़ों के लिए **टेराकोटा, पेंटिंग और कला कार्यशालाएँ
  • देशभर के प्रमुख प्रकाशकों की किताबों की प्रदर्शनियां और बिक्री स्टॉल
  • AI (आर्टिफ़िशियल इंटिजेंस) पर विशेष सत्र
  • नई किताबों का लोकार्पण और आने वाली किताबों का कवर-रिलीज
  • स्टोरीटेलिंग और लाइव-सिंगिंग के विशेष सत्र

कार्यक्रम में होगा ये खास आयोजन

सिर्फ साहित्य ही नहीं, बल्कि यह उत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी पेश करेगा। कार्यक्रम में राज्य के लोकनृत्य, लोकगायन और लोक-कलाओं का प्रदर्शन होगा। छत्तीसगढ़ की लोक कलाकृतियों जैसे पेंटिंग, मूर्ति और क्राफ्ट के स्टॉल, राज्य के लोक व्यंजनों के स्टॉल, हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

यहां हो चुका है साहित्यिक महोत्सव का आयोजन

विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि हिंद युग्म उत्सव देश का एकमात्र घुमंतू साहित्यिक महोत्सव है, जिसे हर वर्ष अलग-अलग शहरों में आयोजित किया जाता है। 2025 में इसका चौथा संस्करण छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित हो रहा है। इससे पहले यह उत्सव बाड़मेर, वाराणसी और भोपाल में आयोजित हो चुके हैं।

इस उत्सव में देशभर से लेखक, साहित्यकार, विचारक, विषय-विशेषज्ञ, कलाकार, अभिनेता और सिनेमा एवं सांस्कृतिक क्षेत्र के विशेषज्ञ एकत्रित होते हैं। यहां लेखन, कला, साहित्य और किताबों की दुनिया पर विमर्श, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नए ट्रेंड एवं व्यवसायिक अवसरों पर चर्चा होती है। साहित्य और कला प्रेमियों के लिए यह आयोजन न केवल ज्ञानवर्धक होगा, बल्कि यह छत्तीसगढ़ और देश के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिदृश्य में एक नया अध्याय जोड़ने वाला है।